महाभारत में संन्यासी के विषय में कहा गया है कि-‘‘जो युक्त चित्त होकर मोक्षोपयोगी कर्म श्रवण, मनन, निदिध्यासन आदि के द्वारा समय व्यतीत करता हुआ निराधार और रूठे काठ की भांति स्थिर रहता है उसको मोक्षरूप सनातन धर्म प्राप्त होता है।’’ ‘‘संन्यासी किसी एक स्थान में आसक्ति न रखे, एक ही ग्राम में न रहे तथा नदी के किसी एक ही किनारे पर सर्वदा शयन न करे। उसे सब प्रकार की आसक्तियों से मुक्त होकर स्वच्छंद विचरना चाहिए।’’ ‘‘वह धर्मत: प्राप्त अन्न का ही भोजन करे। कामनापूर्वक कुछ भी न खाये। रास्ता चलते समय वह दो हाथ आगे तक की भूमि पर ही दृष्टि रखे और एक दिन में एक कोस से अधिक न चले।’’ ‘‘शीत-उष्ण आदि द्वंद्वों से निर्विकार रहे किसी के आगे गिड़गिड़ाये नही, सांसारिक सुख और परिग्रह से दूर रहे। ममता और अहंकार को त्याग दे, किसी प्राणी के भी आश्रित न रहो।’’ हमारे देश में ऐसे अनेकों ऋषि हुए हैं जिन्होंने संन्यासी की इस जीवन चर्या का कठोरता से पालन किया और समय आने पर राजा को भी पथभ्रष्ट होने से बचाया। उन ऋषियों के चिंतन की पवित्रता, आत्मबल और नैतिक साहस के समक्ष राजसत्ताएं भी हिल जाती थीं। सर्वथा न्यायी और चरित्रबल में अति पवित्र आत्मा के समक्ष कठोर से कठोर व्यक्ति भी ढीला हो जाता है। ऋषि जीवन की कठोर जीवन चर्या और उनके आत्मबल के कारण ही भारतीय समाज ने संन्यासियों को सदा ही सम्मान दिया है।मैं यह स्वीकार करता हूं कि आज भी बहुत से संत संन्यासी ऐसे हैं जो अत्यंत श्रद्घा के पात्र हैं।
जिनका धर्म मर जाता है, उनका धर्म ही नाश करता है। जो आत्मा का सौदा करके उसे गिरवी रखकर संत धर्म को बेचने का काम करते हैं वे निश्चय ही भारत के धर्म के हत्यारे हैं। यह ठीक है कि भारत की संस्कृति सर्वसमन्वयी है, पर इसका अभिप्राय केवल यह है कि हर वर्ग दूध में शक्कर की भांति मिलकर रहे, जैसे देश में जैन रहता है, बौद्घ रहता है, सिख रहता है, आर्य समाजी रहता है, वैष्णव रहता है, पारसी रहता है। दूध में ‘नीबू’ की तरह रहने वाले से सर्वसमन्वय काम नही आता पर उसे कुछ लोगा गंगा जमुनी संस्कृति के नाम पर पचाने की सीख देते रहते हैं। ऐसे मूर्खों को कौन बताये कि यह दूध पचने वाला नही है, उल्टे हमें बीमार और करेगा। यदि कोई संत ‘नीबू’ को शक्कर धर्मग्रहण करा दे और उसे फिर गंगा जमुनी संस्कृति कहे तो कुछ समझ में आ सकता है।
देश की विघटनकारी शक्तियों के सामने इस प्रकार का तुष्टिकरण वाला खेल संतों की ओर से होना सचमुच निराशाजनक है और यह प्रवृत्ति भविष्य के लिए एक खतरे का संकेत भी है। भविष्य में हम संतों का राजनीतिकरण होते देखेंगे जिससे समस्याओं पर इनके विचार किसी पूर्वाग्रह से बंधे हुए दिखायी दिया करें तो उन पर कोई आश्चर्य नही होना चाहिए। अभी तक तो संत का अभिप्राय इस देश में यही माना जाता था कि ये लोग बिना लाग लपेट के सत्य और न्याय पर आधारित धर्माचरण को स्थापित करने वाले आप्त वचन बोलेंगे और वैसा ही करेंगे। इनसे किसी प्रकार के दोगलेपन की अपेक्षा नही थी, पर चक्रपाणि और उनके आका ‘प्रमोद कृष्णम्’ ने इस धारणा को बदल दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें