सोमवार, 9 अप्रैल 2018

शैतानी खोज

!! श्रीहरिः !!

▬▬▬▬▬▬▬▬▬
   : शैतानी खोज :
▬▬▬▬▬▬▬▬▬

नारायण ! " खाली दिमाग शैतान का घर " खाली दिमाग शैतान शैतानी कर देर - सबेर खुद तो खुद के प्यारे हो जाते हैं , लेकिन दूसरों के लिए मुसीबत की सौगात छोड़ जाते हैं । ऐसे ही एक महानुभाव थे , " कोलम्बस साहब " । घर से शायद खाली थे और बेरोजगार भी । आदमी स्वभाव से ही शैतान का सगा भतीजा होता है उस पर भी घर - बाहर से बेकार हो तो शैतानी के अलावा और सुझेगा भी क्या ? बैठे - ठाले जनाव के दिमाग में फितूर उठा , चलो भारत की खोज करें । अब कोई उनसे पूछे , क्यों जनाव क्या भारत किसी मेले ठेले में अपनी माँ से विछुड़ गया था या किसी ने उसका अपहरण कर लिया था , जो चल पड़े उसे खोजने । खोजने चल भी दिए तो यह बताओ कि बेवकूफाना ऐसी जिम्मेदारी जनाब को सौंपी किसने थी ? अरे , वे - फिजूल की कवायत ।

जनाब भारत को तो नहीं खोज पाए , मगर अन्धे के हाथ बटेर की तरह अमेरिका नाम का एक देश उनके हाथ लग गया और बन गए तीसमारखाँ। अब पहली बात तो यह है कि अमेरिका की खोज करने के लिए किस कमबख्त ने उनसे गुहार की थी । अमेरिका की खोज यदि नहीं भी करते तो कौन " दिल्ली का सूबा ढल जाता " या दुनिया कौन उसके बिना विकलांग होए जा रही थी । चलो , किसी न किसी तरह  उनकी नैया अमेरिका के किनारे लग भी गई थी तो किसने कहा था , शोर मचाने के लिए । जनाब तो अमेरिका की खोज कर बन गए तीसमारखाँ , मगर दुनिया वालों की तो नींद हराम कर गए । हाथ में डण्डा लिए अमेरिका जब जबरन अलम्बरदार बना फिरता है । दुनिया - जहान को कभी वियतनाम तो कभी अफगानिस्तान और कभी इराक बनाए फिरता है ।

कोलम्बस साहब ! आप यदि न खोजते तो गुमनाम - सा अमेरिका एक तरफ पड़ा रहता, दुनिया वालों की नींद हराम न होती ।

ऐसे ही एक और सज्जन इतिहास में हुए हैं , उनका नाम है जनाब वास्कोडिगामा । उनकी कारगुजारियों से भी लगता तो यही है कि वे भी खाली दिमाग । कोलम्बस साहब भारत की खोज करने में नाकामयाब रहे तो फितूरी दिमाग वास्कोडिगामा खोज बैठे भारत को । सोने की चिड़िया अपने जंगल में अच्छी - खासी फुदकती फिरती थी , " उरला हलवाई , परला पंसारी " किसी का लेना एक न देना दो ।

जनाब के फितूर ने दुनिया को भारत की राह दिखला दी । कर दी चिड़िया की नींद हराम। एक तो चिड़िया उपर से सोने की एक - एक कर ताड़ने लगे उस बेचारी को । हो गई बदनीयतों की बदनीयती की शिकार ।

पुर्तगाली , फ्रांसीसी , अंग्रेज न जाने कहाँ - कहाँ के उठाईगिरे  चिड़ीमार दुनिया - भरसे आ धमके और लगे चिड़िया के पंख नोचने । जैसे - तैसे उन्हें भगाया या चिड़िया की दयनीय हालत देख खुद भाग खड़े हुए , मगर जाते - जाते उसके दो टुकड़े कर गए । अब टुकड़ों को उनके चेले नोच - नोच खा रहे हैं ।

ऐसे ही एक खाली दिमाग शैतान थे जनाब डार्विन । उनकी शैतानी हरकत से तो ऊपर वाला भी तौवा कर बैठा । जनाब डार्विन को जब कुछ नहीं सूझी थी बोले इन्सान बन्दर की औलाद है ।

अरे , तुम्हारे पुरखे होँगे बन्दर । मगर तुम्हें यह अधिकार किसने दे दिया कि सृष्टि के तमाम इन्सानों को बन्दर की औलाद बना डालो । अब जनाब डार्विन साहब से कोई पूछे , क्यों जनाब खुदा की कौन बही तुम्हारे हाथ लग  गई , जिसे बाँचकर तुमने भूतवाणी कर डाली कि इन्सान बन्दर की औलाद है । अगर - ये खुद की बही तुम्हारे हाथ लग भी गई और उसमें साफ - साफ लिखा भी था कि इन्सान बन्दर की औलाद है ।

मगर ये एक बात बताओ इस रहस्य को यदि उजागर न करते तो दूध देते - देते तुम्हारी भैंस कौन लतिया जाती । गोया इतना जरूर था कि रहस्य उजागर न करते तो इन्सान में लूट - खसोट की प्रवृत्ति जाग्रत न हुई होती ।

बन्दर बाँट जैसे वंशानुगत लक्षण तो इन्सान में हालाँकि पहले ही से मौजूद थे , किन्तु जब से इन्सान को यह पता चला है कि वह बन्दर की औलाद है, उसके चरित्र में बन्दराना लक्षणों का इजाफा तेजी से होने लगा है । हाँ , ऐसा मेरा पक्का विश्वास है । व्यक्ति को जब अपनी वंशावली अथवा वंश - परम्परा का पता चलता है तो उसके अनुरूप वह अपने आपको हनुमान मान ही बैठता है । कभी - कभी अपने पुरखों का मान - सम्मान रखने के लिए भी उसे जबरन पहलवान बनना पड़ता है ।

एक सवाल यह जरूर पैदा होता है इन्सान यदि बन्दर की औलाद है तो फिर बन्दर से इन्सान बनने का यह सिलसिला जारी क्यों नहीं है ? इस विकास पर अचानक पूर्ण विराम कैसे लग गया ?

बन्दरों की तरफ से सवाल का जवाब  कुछ इस प्रकार प्राप्त हुआ , इन्सान की अति - बन्दराना हरकत देख हम खुद ही भय खा गए और डार्विन के विकासवाद से तौवा कर ली । हम तो केवल खाली पेट ही लूट - खसोट करते हैं । हमारी औलाद पेट भरने के बाद भी लूट - खसोट जारी रखती है । अतः हमने सोचा सुबह जो गलती हो गई सो हो गई , अब सायंकाल तो घर लौट चलें ।

हरकत में नहीं , जनसंख्या में भी औलाद बाप - दादाओं से आगे है । इन्सान अपनी कार्बन कॉपी का उत्पादन बढ़ता ही जा रहा है , इसलिए हमने सोचा विकास का सिलसिला अपनी तरफ से बन्द करना ही बेहतर होगा । अब खुद ही सोचो यदि विकास का डार्विन सिद्धान्त भी विकासमान रहता तो इन्सानी जनसंख्या आज भला कहाँ पहुँचती!

दोष ऊपर वाले का भी कम नहीं है , आखिर उसने बन्दर नामक जीव की रचना की ही क्यों? ऊपर वाला अगर बन्दर न भी बनाता तो ही क्या सृष्टि बाँझ रह जाती ! मान लो , खाली बैठे उसने यह शरारत कर भी दी और भूल - चूक में बन्दर बना भी दिया था तो क्या आवश्यकता थी , उसके दिमाग में "लूट - खसोट सॉफ्टवेयर " लोड़ करने की ।

अरे , भाई ऊपर वाले ! इन्सान को गधे की औलाद बना देता , उल्लू की बना देता , ऊँट की बना देता, बैल की बना देता और  कुछ नहीं तो सूअर की ही बना देता , क्या जरूरी था बन्दर की ही औलाद बनाना ?

हमारी बात सुन ऊपर वाला बोला , " सुनो जी बरखुरदार ! खेद की बात यह नहीं है कि इन्सान को बन्दर की औलाद ही क्यों बनाया । खेद का विषय तो यह है कि इन्सान गधा , बैल , ऊँट , सूअर , शेर और गीदड़ किसी की भी औलाद हो सकता है , मगर मैं इन्सान को इन्सान की औलाद न बना पाया । इसके लिए मैं ही दोषी हूँ और मैं सृष्टि के अन्त तक इसका प्रायश्चित करता रहूँगा । "

                                                हे दयानिधान प्रभु ! इस जीव के लिए क्या - क्या नहीं करोगे ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें